‘ऑपरेशन अंकुश’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़; 3 सटोरिये गिरफ्तार
खरसिया में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश, ₹51 हजार नकद व मोबाइल जब्त; व्हाट्सएप ग्रुप और वेबसाइट के जरिए चल रहा था ऑनलाइन नेटवर्क
रायगढ़। रायगढ़ जिले में आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने 29 अप्रैल को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ₹51,000 नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह आईपीएल मैचों के दौरान व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन सट्टा वेबसाइटों के माध्यम से हार-जीत का खेल संचालित कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार अन्य जिलों और राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सुनियोजित कार्रवाई
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में साइबर थाना और खरसिया पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक भी पहुंचेगी।
पहली कार्रवाई: डभरा रोड पर सटोरिया गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि डभरा रोड खरसिया में अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके कब्जे से ₹30,000 नगद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं।
दूसरी कार्रवाई: मुख्य खाईवाल अंकित अग्रवाल दबोचा गया
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रानीसती छपरी गंज निवासी अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया, जो इस गिरोह का मुख्य संचालक बताया जा रहा है। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप “ALLPANELEXCH” और अन्य डिजिटल माध्यमों से सट्टा नेटवर्क चला रहा था। उसके कब्जे से ₹21,000 नगद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में कई सट्टा ग्रुप और लेनदेन से जुड़े प्रमाण मिले हैं।
तीसरी कार्रवाई: वेबसाइट के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा
तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने नरेंद्र राठौर को गिरफ्तार किया। आरोपी मोबाइल के माध्यम से वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा था। जांच में पाया गया कि वह लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दांव लगवा रहा था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे यह आईडी अन्य व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जप्त सामग्री
- ₹51,000 नगद
- 3 मोबाइल फोन (वनप्लस, सैमसंग, रियलमी)
- ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। त्वरित सूचना संकलन और बेहतर समन्वय के चलते पुलिस ने सट्टा नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
