NTPC World Environment Day

छत्तीसगढ़ में उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान को गति- वॉलेंटियर टीचर बनने वाले छात्रों को मिलेंगे 10 बोनस अंक

0
image_search_1781271694820

शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य- प्रदेशभर में केंद्रों के प्रभावी संचालन और असाक्षरों के ऑनलाइन सर्वे में तेजी लाने के निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान को अब एक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। राज्य के शत-प्रतिशत असाक्षर नागरिकों तक साक्षरता का लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में साक्षरता केंद्रों के सुदृढ़ संचालन, असाक्षरों के सर्वे और उनकी ऑनलाइन एंट्री के कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इस अभियान के तहत शिक्षार्थियों, स्वयंसेवी शिक्षकों और केंद्रों का समयबद्ध चिन्हांकन कर उन्हें एक आकर्षक व प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा : मिलेंगे 10 बोनस अंक अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को वॉलेंटियर टीचर (स्वयंसेवी शिक्षक) के रूप में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शासन ने निर्णय लिया है कि इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले विद्यार्थियों को 10 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इस प्रावधान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं ताकि अधिक से अधिक छात्र इस मुहिम का हिस्सा बन सकें।

प्राचार्यों और डाइट के छात्रों को मिली अहम जिम्मेदारी साक्षरता केंद्रों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में अध्ययनरत प्रशिक्षुओं और स्कूली विद्यार्थियों को स्वयंसेवी शिक्षक बनाया जाएगा। इसके साथ ही, स्कूलों के प्राचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे विद्यार्थियों को इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करें।

छात्रों का पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) सुनिश्चित करें। अभियान से जुड़े सभी अभिलेखों और दस्तावेज़ों का व्यवस्थित संधारण करें।

पोर्टल पर होगी लाइव मॉनिटरिंग, ऑनलाइन एंट्री में लाएं तेजी राज्य स्तर पर अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। विकासखंड (ब्लॉक) और संकुल स्तर पर चल रहे सर्वे प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया है, ताकि राज्य स्तरीय पोर्टल पर वास्तविक और सटीक प्रगति दर्ज हो सके। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे असाक्षर नागरिकों की पहचान कर उन्हें तुरंत केंद्रों से जोड़ें।

अभियान का मुख्य उद्देश्य उल्लास नवभारत अभियान का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक असाक्षर नागरिक को बुनियादी साक्षरता (पढ़ने-लिखने) और गणनात्मक दक्षता (अंकगणित) से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है। राज्य शासन ने इस राष्ट्रीय मुहिम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!