मोटरसाइकिल को लेकर विवाद में पिता ने बेटे की डंडे से पीटकर की हत्या
शराब के नशे में हुए विवाद के बाद वारदात, तखतपुर पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
बिलासपुर/तखतपुर । तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमूली में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में बेटे और पिता के बीच मोटरसाइकिल को लेकर हुए विवाद में पिता ने डंडे से हमला कर बेटे की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विजेंद्र कुमार श्रीवास (30 वर्ष), पिता मोहित श्रीवास, निवासी ग्राम कुसमूली, थाना तखतपुर के रूप में हुई है। वहीं आरोपी मोहित श्रीवास (56 वर्ष), पिता ठाकुर राम, निवासी ग्राम कुसमूली को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोटरसाइकिल को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय विजेंद्र कुमार श्रीवास शराब के नशे में घर पहुंचा और मोटरसाइकिल बनवाने तथा उसे अपने पास रखने की बात को लेकर अपने पिता से विवाद करने लगा। इस दौरान आरोपी पिता ने मोटरसाइकिल के संबंध में आपत्ति जताई और उससे पैसे की मांग की।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मृतक ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे गुस्साए पिता ने घर में रखा डंडा उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजेंद्र कुमार श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता मोहित श्रीवास को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

