रायपुर में कल होगा ‘संडे ऑन साइकिल’ का ऐतिहासिक 100वां संस्करण, साइकिल रैली के साथ योगा और जुंबा से देंगे फिटनेस का संदेश

0
image_search_1795873906197

SAI प्रशिक्षण केंद्र एवं MY भारत रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन, रस्साकशी, स्किपिंग और फन गेम्स भी होंगे आकर्षण

रायपुर। फिट इंडिया अभियान के तहत संचालित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का ऐतिहासिक 100वां संस्करण रविवार, 29 नवंबर को राजधानी रायपुर में उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) प्रशिक्षण केंद्र रायपुर एवं मेरा युवा भारत (MY Bharat) रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष फिटनेस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज आउटडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होगा। इस दौरान साइकिल रैली के साथ योग, जुंबा, स्किपिंग (रस्सी कूद), रस्साकशी एवं विभिन्न मनोरंजक फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन में युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी MY भारत रायपुर द्वारा निभाई जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। आयोजन के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को भी मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर आगामी राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक में भारत की बेहतर भागीदारी के सपने से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

MY भारत रायपुर ने प्रदेश के युवाओं, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। 100वें संस्करण का यह आयोजन फिटनेस, खेल जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का विशेष अवसर बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!