भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतनिष्ठ राजनीति में विश्वास करती है, राष्ट्रहित हमारे लिए सर्वोपरि : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
धर्मेंद्र प्रधान का त्यागपत्र सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और जवाबदेही का उदाहरण – मुख्यमंत्री श्री साय
कांग्रेस पहले अपने गिरेबान में झांके, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जनता ने नकारा : मुख्यमंत्री
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतनिष्ठ राजनीति में विश्वास रखने वाला दल है। भाजपा सत्ता को अधिकार नहीं, बल्कि जनता और राष्ट्र की सेवा का माध्यम मानती है। भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है और सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही हमारी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा नैतिक आधार पर दिया गया त्यागपत्र इसी राजनीतिक संस्कृति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद से बड़ा सिद्धांत होता है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही स्वीकार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भाजपा की राजनीतिक संस्कृति और कांग्रेस की कार्यशैली में यही मूलभूत अंतर है। भाजपा सिद्धांतों और जवाबदेही के आधार पर निर्णय लेती है, जबकि कांग्रेस का इतिहास सत्ता के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और नैतिक मूल्यों की अनदेखी से भरा पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया के सवालों के जवाब में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उसे अपने पूरे राजनीतिक इतिहास का आत्ममंथन करना चाहिए। आज कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के अंतर के कारण पूरे देश में जनता का विश्वास लगातार खो रही है। उसे यह चिंतन करना चाहिए कि जनता उससे लगातार दूर क्यों होती जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ के लाखों बेटा-बेटियों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया गया। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती प्रक्रिया में हुए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं ने युवाओं का विश्वास तोड़ा। प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय हुआ और पूरी चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के युवाओं से स्पष्ट वादा किया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर सीजीपीएससी मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। भाजपा सरकार ने अपने संकल्प को निभाते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी। आज जांच आगे बढ़ रही है और तत्कालीन अध्यक्ष सहित अन्य दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। हमारी सरकार में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सुशासन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

