लोरमी पुलिस ने केबल वायर चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी भी पकड़े गए
चोरी गया केबल वायर और घटना में प्रयुक्त कटर बरामद, एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लोरमी पुलिस ने केबल वायर चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी चिन्हित कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने चोरी गया लगभग 10 मीटर केबल वायर और घटना में प्रयुक्त कटर भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने इस प्रकरण का सफल निराकरण किया।
खेत के ट्यूबवेल से काटकर चुराया था केबल वायर
पुलिस के अनुसार थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। प्रार्थी दयालदास पात्रे (42 वर्ष) निवासी नवाडीह ने 24 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे जब वह अपने खेत स्थित ट्यूबवेल पर सिंचाई करने पहुंचा, तब वहां लगा लगभग 10 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब ₹1,200 थी, अज्ञात चोर काटकर ले गए थे।

मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही विशाल ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी अरमान खान, कुशाल रजक उर्फ छोटू तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया केबल वायर एवं घटना में प्रयुक्त कटर बरामद कर लिया।
तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने आरोपी विशाल ध्रुव (20 वर्ष) निवासी महामायापारा लोरमी, अरमान खान (19 वर्ष) निवासी करसरी चौकी डिंडौरी, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली तथा कुशाल रजक उर्फ छोटू (19 वर्ष) निवासी बाजारपारा लोरमी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक दिलेश्वर साहू, राजू साहू एवं देवी नवरंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

