छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ी भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम में, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दम
राष्ट्रीय टीम में चुनी गईं कांसाबेल की मधु सिदार और बोड़ला की गीता यादव खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर, बिलासपुर में ले रहीं प्रशिक्षण
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को दी बधाई, वीडियो कॉल पर बात कर तैयारियों की भी ली जानकारी
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिली आधुनिक सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई है।

ऐसा रहा टीम इंडिया तक दोनों खिलाड़ियों का सफर
मधु सिदार
मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की निवासी हैं। हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले जशपुर से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है। उनके माता-पिता किसान हैं। मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैम्पियनशिप-2025 में भाग लिया है।
उन्होंने आंध्रप्रदेश में 1 से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में अपनी टीम को चौथा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा मार्च-अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वर्तमान में वे अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही हैं।
गीता यादव
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। गीता का अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 12 से 21 नवंबर 2024 तक आयोजित नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।
इसके बाद उन्होंने 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना दौरे तथा 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनकर शानदार प्रदर्शन किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एक बार फिर भारतीय टीम में स्थान मिला है।
दोनों खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ के खेल विकास, खेलो इंडिया योजना और प्रदेश में उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक खेल सुविधाओं की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जूनियर एशिया कप में उनका प्रदर्शन न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय होगा। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मधु सिदार और गीता यादव चीन में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
