श्रद्धांजलि योजना पर लापरवाही का साया:फंड आबंटित नहीं होने से 2022 से 177 आवेदन लंबित,गरीब परिवारों को नहीं मिला आर्थिक सहायता

0
IMG_20260311_070029_936

मुंगेली । प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2013 में गरीब परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से श्रद्धांजलि योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवनयापन करने वाले परिवारों में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर शोकाकुल परिवार को लगभग 2000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया था। लेकिन नगर पालिका परिषद में यह योजना अब लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 से शासन की ओर से नगर पालिका परिषद को इस योजना के लिए कोई आबंटन प्राप्त नहीं हुआ है। इसके चलते कई पात्र परिवारों को आज तक योजना का लाभ नहीं मिल सका है। स्थिति यह है कि 2022 से 2026 तक लगभग 177 आवेदन लंबित पड़े हैं,जिनका करीब 3 लाख 50 हजार का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद के सीएमओ ने 19 जनवरी 2026 को नगरीय निकाय संचालक रायपुर को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया था। इस पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर को भी भेजी गई थी ताकि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जा सके। हालांकि इतने समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

इस मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहाकि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना उनका नैतिक अधिकार है।

उन्होंने आगे कहाकि श्रद्धांजलि योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजना का लाभ गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को नहीं मिल पाना बेहद गंभीर लापरवाही है। ऐसी स्थिति में शासन और प्रशासन से मांग की जाती है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए और लंबित आवेदनों का भुगतान जल्द कराया जाए,ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!