मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज
कलेक्टर ने स्टेडियम व प्रतिमा निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
मुंगेली । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जिले में संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में 10 मई को मुख्यमंत्री का आगमन संभावित है। इसे देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां तय समय में पूरी कर ली जाए। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर माईक, टेंट, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में निर्माणाधीन महापुरुषों की प्रतिमाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने रायपुर-नवागढ़ रोड में मां कर्मा चौक, पड़ाव चौक में महाराणा प्रताप प्रतिमा, दाउपारा चौक में गुरू घासीदास प्रतिमा तथा कलेक्टोरेट परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं भव्यता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ये निर्माण कार्य न केवल शहर की पहचान को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि समाज के महापुरुषों के प्रति सम्मान का प्रतीक भी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समाज के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को आकर्षक एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका मुंगेली के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडेय, होरी सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
