Advertisement Carousel

पैसा डबल करने का झांसा, 15 लाख की ठगी रीवा से कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार, वर्षों से था फरार

0
IMG-20260501-WA1363

बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने निवेश पर पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने गांव के लोगों से लगभग 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी और लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी फेकुराम चतुर्वेदी निवासी करवा चौकी बेलगहना ने 18 मार्च 2025 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने गांव के लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर निवेश कराया।

आरोपी ने एजेंटों के माध्यम से ग्रामीणों से रकम जुटवाई और करबला रोड स्थित अपने कार्यालय में जमा कराता रहा। इस तरह कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये इकट्ठा करने के बाद उसने कार्यालय बंद कर दिया और फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई

मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 159/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्य एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के रीवा जिले के ग्राम टिकिया, चोरहटा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी पंकज कुमार वर्मा को हिरासत में लिया।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!