मामूली विवाद पर चाकू और चैन से किया था जानलेवा हमला, 16 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
अकलतरा पुलिस की कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में 19 वर्षीय प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया पकड़ाया, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा में मामूली विवाद को लेकर चाकू और चैन से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से करीब 16 महीने तक फरार चल रहे आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है। मामले में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि नौवां आरोपी घटना के बाद से फरार था।

सिगरेट पीने की बात पर शुरू हुआ था विवाद
मामला 6 अगस्त 2025 का है। जानकारी के अनुसार अमन सारथी अपने साथियों के साथ कपड़ा खरीदने अकलतरा आया हुआ था। इसी दौरान सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास खड़ी मोटरसाइकिल पर बैठकर सिगरेट पीने की बात को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी मामूली बात पर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के, चाकू तथा चैन से हमला कर दिया। हमले के दौरान निलेश्वर भैना के पेट में चाकू लगने से गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
नौ आरोपियों में आठ पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस जांच में इस वारदात में कुल नौ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से आठ आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी थी। वहीं एक आरोपी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
घर आने की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
इसी बीच पुलिस को फरार आरोपी के अपने घर आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश देकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 10 AU 5830 भी जब्त की गई।
बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(5) एवं 191(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जय कुमार साहू सहित अकलतरा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। करीब 16 महीने से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को अकलतरा पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

