एआई की मदद से कलेक्टर के नाम पर बनाया फर्जी आदेश, दो आरोपी गिरफ्तार; जेल दाखिल

0
IMG-20261115-WA0823

जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए आबकारी कार्यालय में पेश किया था कूटरचित सरकारी दस्तावेज, मोबाइल और फर्जी आदेश की प्रति जब्त

दुर्ग । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दुरुपयोग कर कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करने और उसे वास्तविक सरकारी दस्तावेज बताकर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आबकारी प्रकरण में जब्त अपनी मोटरसाइकिल को सुपुर्दनामा में वापस प्राप्त करने के उद्देश्य से कथित तौर पर फर्जी आदेश तैयार किया था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उपमहानिरीक्षक विजय अग्रवाल से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को प्रार्थी भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसी दिन जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी 15687 (होंडा एचएफ डीलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।

जांच में फर्जी निकला आदेश

आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत आदेश का परीक्षण और सत्यापन किया गया तो दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत थाना भिलाई भट्ठी में दर्ज कर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एआई की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जब्त की है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस ने मामले में अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सहायक उपनिरीक्षक पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से अवश्य करें। पुलिस ने कहा है कि एआई या डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर फर्जी शासकीय दस्तावेज तैयार करना और उनका इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!