पानी और पाइप लाइन समस्या को लेकर वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0
IMG-20260507-WA0613

वार्ड क्रमांक 4 में पेयजल संकट से लोग परेशान, पाइप लाइन बदलने और बोर खनन की मांग

लोरमी। नगर पालिका लोरमी के वार्ड क्रमांक 4 में लंबे समय से बनी पानी की समस्या और जर्जर पाइप लाइन को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश सामने आया है। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर वार्डवासियों ने लोरमी एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।

ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि पिछले एक से दो वर्षों से क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है। कई मोहल्लों में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने मांग की कि सामुदायिक भवन के पास नए बोर का खनन कराया जाए ताकि लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही दुर्गेश ढीमर और चंद्रिका गुप्ता के घर के पास की पाइप लाइन को बदलने की भी मांग की गई। लोगों का कहना है कि पाइप लाइन नाली के भीतर होने के कारण कई जगह से सड़ और कट चुकी है, जिससे नाली का गंदा पानी पाइप लाइन में प्रवेश कर रहा है। इससे दूषित पानी सप्लाई होने की आशंका बनी हुई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस समस्या की शिकायत पहले वार्ड पार्षद आलोक शिवहरे और नगर पालिका में की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि जिम्मेदार लोग केवल आश्वासन दे रहे हैं।

वार्डवासियों ने बताया कि सामुदायिक भवन के पास बोर खनन की आवश्यकता को लेकर जब पार्षद से चर्चा की गई तो उन्होंने असमर्थता जताते हुए कहा कि यह उनके बस की बात नहीं है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सागर रजक, चित्ररेखा ठाकुर, प्रमोद ढीमर, गुलाब सिंह, पूजा देवी, काली रजक, धक्कू ढीमर, राजकुमारी रजक, मंजू रजक, रुक्मणि रजक, मालती रजक, रामप्यारी रजक, शंकर सिंह साधे ढीमर, शंकर कश्यप, राकेश रजक और युवराज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

नगरपालिका अध्यक्ष ने दी सफाई

इस मामले में नगरपालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा ने कहा कि नाली निर्माण के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने अपना पैठा तोड़ने नहीं दिया, जिसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि पानी की समस्या को लेकर सभापति रिक्की सलूजा ने भी वार्ड पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।

पार्षद बोले- जल्द होगा बोर खनन

वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद आलोक शिवहरे ने कहा कि बोर खनन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द टेंडर जारी कर कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में बजारपारा क्षेत्र में भी बोर खनन कराया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि नाली निर्माण में कुछ लोगों के सहयोग नहीं करने से दिक्कत आ रही है। यदि वार्डवासी सहयोग करें तो सभी विकास कार्य पूरे किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!