ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ रेड, 29 जुआरी गिरफ्तार
खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ के ग्राम तारापुर में कार्रवाई, 9 लाख 500 रुपए नगद जब्त
रानीसागर में 19 और तारापुर में 10 जुआरी पकड़े गए, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम ने की कार्रवाई

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर पुलिस ने एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके कब्जे एवं जुआ फड़ों से 9 लाख 500 रुपए नगद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ के ग्राम तारापुर में जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी रायगढ़ राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जुआरियों को पकड़ा।

रानीसागर में जुआ फड़ पर 19 जुआरी गिरफ्तार, 6 लाख 7 हजार 400 रुपए जब्त
खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। यहां खरसिया एवं घरघोड़ा क्षेत्र के जुआरी दो पत्ती ताश के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे।
पुलिस ने मौके से 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 6 लाख 7 हजार 400 रुपए नगद, दो गड्डी ताश तथा एक प्लास्टिक बोरी बरामद की गई। इस मामले में थाना खरसिया में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
रानीसागर से गिरफ्तार आरोपी:
कैलाश अग्रवाल (49), राधेन्द्र गुप्ता (44), विकास अग्रवाल (49), राजकमल अग्रवाल (38), अभिषेक अग्रवाल (36), विनय अग्रवाल (36), अमोल अग्रवाल (40), संदीप अग्रवाल (41), आलोक अग्रवाल (45), संजय कुमार (38), पारस उर्फ पिन्टु (36), अंकित कुमार (36), मुरली अग्रवाल (38), हासित गुप्ता (48), प्रतीक अग्रवाल (38), अमन कुमार (30), दिनेश अग्रवाल (53), शुभम अग्रवाल (25) एवं नरेश कुमार (58) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी खरसिया, घरघोड़ा, रायगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ, 10 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में की गई। पुलिस को एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताशपत्ती के जरिए जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह एवं कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि 10 जुआरियों को रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 2 लाख 93 हजार 100 रुपए नगद तथा 52 पत्ती ताश की गड्डी गवाहों के समक्ष जब्त की। इस मामले में भी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
तारापुर से गिरफ्तार आरोपी:
दिनेश यादव (44), चमनदीप सिंह (23), रौनक अग्रवाल (37), राजीव लोचन बेहरा (40), आकाश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रिंस सलूजा (27), पंकज कुमार महथा (41), रजत गोयल (31) एवं यश अग्रवाल (29) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी रायगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
दोनों स्थानों पर की गई संयुक्त कार्रवाई में सीएसपी राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक बालचंद राय, बाबूलाल पटेल, रामनाथ बनर्जी, महेन्द्र कर्ष, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, उत्तम सारथी, विजय कुशवाहा, दिनेश गोड, मिनकेतन पटेल, विशोप सिंह, चन्द्रेश पाण्डेय, मनोज यादव, बंशी रात्रे, अजय साय, विनोज लकड़ा एवं संजय केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
