श्रमिकों के बिना विकास की परिकल्पना संभव नहीं – सांसद चिंतामणि महाराज
श्रमिकों की मेहनत को मिला सम्मान
श्रमिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए शासन चला रही अनेक योजनाएं
रायपुर । निर्माण श्रमिकों के सशक्तिकरण और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में आज शुक्रवार को जिला मुख्यालय बलरामपुर के ऑडिटोरियम परिसर में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद चिंतामणि महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित, अन्य जनप्रतिनिधिगण, श्रम अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी, जनपद सीईओ दीपराज कांत, सहित श्रमिकगण उपस्थित थे।

श्रम विभाग द्वारा 2025-26 में मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत कुल 153 महिला, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृति सहायता योजना अंतर्गत जिले में पंजीकृत श्रमिकों के कुल 456 विद्यार्थियों, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना अंतर्गत 182 विद्यार्थियों मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत अविवाहित 112 पुत्रियों, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत कुल 34 पंजीकृत श्रमिको के नॉमिनी को, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत कुल 73 श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक के कुल 974 विद्यार्थियों, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत कुल 18 श्रमिकों के नॉमिनी को, असंगठित कर्मकार प्रसुति सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत कुल 265 महिला श्रमिकों को, असंगठित कर्मकार के बच्चों हेतु छात्रवृत्ति सहायता योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के कुल 148 छात्र/छात्राओं को सहायता राशि प्रदान किया गया।
श्रमिक सम्मेलन में सेवा भाव का सुन्दर दृश्य देखने को मिला जहां सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों के प्रति सम्मान देते हुए स्वयं अपने हाथों से श्रमिकों को भोजन परोसा। इस दौरान श्रमिकों के साथ आत्मीय संवाद भी किया। श्रमिकों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए इस सम्मान और अपनत्व की सराहना की।

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि श्रमवीरों के सच्चे सम्मान के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। राज्य सरकार द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में सुशासन और पारदर्शिता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बिना विकास की परिकल्पना भी संभव नही है। शासन के कुशल नेतृत्व में श्रमिकों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई है। जिनके बेहतर क्रियान्वयन से श्रमिक को लाभ मिल रहा है। प्रदेश सरकार सभी वर्ग के हितों के विकास के दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने श्रमिकों को पंजीयन कर योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।
जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण के कारण ही विकास कार्यों को गति मिल रही है तथा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा श्रमिकों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से महिलाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उनका जीवन स्तर बेहतर हो।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान, आर्थिक सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण के लिए श्रम विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में असंगठित एवं संगठित श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के लिए महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल सुरक्षा योजना, नौनिहाल शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना, दिव्यांग सहायता योजना, निःशुल्क गणवेश वितरण तथा प्रसूति सहायता योजना जैसी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ ले सकें।
विभागीय योजनाओं अंतर्गत 10 हितग्राहियों को किया गया चेक वितरण
मंच से जनप्रतिनिधियों के द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किया गया, जिसे पाकर श्रमिकों के चेहरों पर संतोष और खुशी नजर आई। मिनिमाता महतारी जतन योजन से 2, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सतामता योजना से 2, मुख्यमंत्री नोनी बाबु मेधावी शिक्षा सहायता योजना से 2, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना से 2, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना से 2 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
सम्मेलन में योजनाओं की जानकारी देने लगाया गया विभागीय स्टॉल
सम्मेलन स्थल पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत पंजीकृत श्रमिको हेतु संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने विभागीय स्टॉल लगाया गया था। जिसमे स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाई वितरण, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं के तहत लागू स्कीम, श्रम पंजीयन, जैसे अन्य योजनाओं की जानकारी देकर श्रमिको को लाभांवित किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
