ग्राम जैतपुरी में भीषण आग से हड़कंप
रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह
खेत में लगी आग पहुंची घर तक, टेंट हाउस का लाखों का सामान जलकर खाक
समय पर नहीं पहुंची दमकल, ग्रामीणों की सूझबूझ से घंटों बाद आग पर पाया गया काबू
बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संबलपुर के समीप ग्राम जैतपुरी में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खेत में खरपतवार जलाने के दौरान उठी आग तेज हवा के कारण फैलते हुए एक मकान तक पहुंच गई, जिससे घर में रखा टेंट हाउस का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रमपुरा के आश्रित ग्राम जैतपुरी निवासी देव यादव के घर में आग लगने की सूचना सबसे पहले गांव के छोटे बच्चों ने दी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे बच्चों ने दौड़कर देव यादव को बताया कि उनके घर में आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में घर धू-धू कर जलने लगा।
खेत से उठी चिंगारी बनी हादसे की वजह
ग्रामीणों के अनुसार खेतों में खरपतवार जलाने के लिए लगाई गई आग तेज हवा के कारण बेकाबू हो गई और आसपास फैलते हुए सीधे घर तक पहुंच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना में घर के भीतर रखा टेंट हाउस का सामान, आर्टिफिशियल फ्लॉवर, पर्दे, सीलिंग सामग्री, कुर्सियां, आर्टिफिशियल गमले, केबल वायर, लाइट सहित अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल वाहन नहीं पहुंचा समय पर
ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन समय पर दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाया। ऐसे में गांव के लोगों ने स्वयं मोर्चा संभाला और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
ग्राम के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर पानी टैंकर की व्यवस्था की। सरपंच देवेंद्र सिंह वर्मा ने तत्काल संबलपुर चौकी को सूचना दी और गांव में कोटवार के माध्यम से मुनादी करवाई गई।
इसके बाद ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाल्टी, ड्रम, डिब्बे और अन्य बर्तनों में पानी लेकर पहुंचे और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
डायल-112 टीम तत्काल पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हालात का जायजा लेते हुए आवश्यक जानकारी एकत्र की।
आग लगने की घटना के बाद देव यादव के घर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्मी के मौसम में गांवों में अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं में समय रहते राहत मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
