नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के नेतृत्व में मुंगेली में भक्ति का महाकुंभ,7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं दिव्य महादरबार का होगा भव्य आयोजन
मुंगेली । नगरवासियों के आध्यात्मिक उत्थान एवं जनकल्याण की भावना को लेकर मुंगेली शहर में एक भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होने जा रहा है। लोरमी बाईपास रोड स्थित मंगल भवन में 7 जून से 15 जून 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा,रुद्रयज्ञ एवं असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन किया जाएगा। वहीं 11 जून से 13 जून तक तीन दिवसीय दिव्य महादरबार का भी आयोजन रखा गया है,जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस धार्मिक आयोजन के मुख्य प्रेरणास्रोत संत रामाश्रयमणिदास महाराज के आशीर्वाद से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कथा का वाचन राष्ट्रीय कथाव्यास पंडित विरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा किया जाएगा जबकि दिव्य महादरबार में प्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रवक्ता ब्रज बिहारी सरकार श्रद्धालुओं को धर्म,भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश देंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका
अपनी माता श्रीमती निर्मला शुक्ला के पुण्य स्मृति में इस विशाल धार्मिक आयोजन के प्रमुख नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की विशेष भूमिका बताई जा रही है। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक,धार्मिक एवं युवा संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।
नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार,सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
इनके सहयोग से साकार हो रहा आयोजन
आयोजन को सफल बनाने में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,उनकी धर्मपत्नी निशा शुक्ला,परिवारजनों तथा आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में यजमान परिवार के रूप में रोहित शुक्ला परिवार धार्मिक अनुष्ठानों में भागीदारी निभाएगा।
इसके अलावा विभिन्न संत-महात्माओं,धर्माचार्यों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कथा में होंगे भगवान की दिव्य लीलाओं के प्रसंग
सात दिवसीय कथा में भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों,ध्रुव चरित्र,प्रह्लाद चरित्र,श्रीकृष्ण जन्मोत्सव,गोवर्धन लीला,रुक्मिणी विवाह,सुदामा चरित्र,गीता ज्ञान तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 4 बजे से प्रारंभ होगी,जबकि सुबह 8 बजे से रुद्राभिषेक,पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
11 से 13 जून तक दिव्य महादरबार
कथा महोत्सव के मध्य 11 जून से 13 जून तक आयोजित होने वाला दिव्य महादरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इस दौरान ब्रज बिहारी सरकार के आध्यात्मिक प्रवचन,संतों का सान्निध्य तथा भक्ति-रस से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंगल भवन बनेगा श्रद्धा और भक्ति का केंद्र
लोरमी बाईपास रोड स्थित मंगल भवन,मुंगेली इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता का केंद्र बनने जा रहा है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा,यज्ञ और महादरबार का लाभ प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति की अपील
आयोजन समिति में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,एवं उनके पिता छोटेलाल शुक्ला सहित यजमान परिवार तथा सभी सहयोगियों ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा,रुद्रयज्ञ और दिव्य महादरबार में सहभागी बनें तथा धर्म और संस्कृति के इस महापर्व को सफल बनाएं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

