रायपुर पुलिस का नारकोटिक्स नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 96 घंटे के ऑपरेशन में 8 आरोपी गिरफ्तार
हिस्ट्रीशीटर सहित 8 आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन, एमडी, गांजा और नशीली गोलियां बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 96 घंटे के भीतर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, एमडी ड्रग्स, गांजा, नाइट्राजेपाम की नशीली गोलियां, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्तों की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 2.63 करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।
भाठागांव बस स्टैंड के पास हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
थाना टिकरापारा क्षेत्र में भाठागांव स्थित नए बस स्टैंड के पास दो युवकों द्वारा हेरोइन बेचने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को गिरफ्तार किया।
तलाशी में उनके पास से 8.75 ग्राम हेरोइन और बिक्री की 2050 रुपये नकद राशि बरामद हुई। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.72 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शांति नगर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पांच ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार अफसर कादर के खिलाफ रायपुर और महाराष्ट्र के नागपुर में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-बी के तहत कार्रवाई की गई है।
अमलीडीह में नशीली गोलियों का कारोबार करने वाला गिरफ्तार
थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के अमलीडीह स्थित खुशी वाटिका के पास पुलिस ने महावीर जैन को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 198 नग नाइट्राजेपाम नशीली गोलियां, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।
बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
खमतराई में बालक के कब्जे से 1.8 किलो गांजा बरामद
थाना खमतराई क्षेत्र में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। उसके पास से 1 किलो 800 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी और 29 के तहत कार्रवाई की है।
सिविल लाइन में नशीली गोलियां बेचते दो पकड़े गए
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांधी उद्यान के पास पुलिस ने मीर कुरैशी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 40 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सरोना में गांजा तस्करी करते युवक गिरफ्तार
थाना डीडी नगर क्षेत्र के सरोना स्थित शक्तिघाट इलाके में पुलिस ने गुलाब कंडरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा और बिक्री की नकद राशि बरामद की गई।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत कार्रवाई की गई है।
नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचेगी पुलिस
रायपुर पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर एंड-टू-एंड विवेचना की जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे। नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

