आयुष्मान महाअभियान में सूरजपुर की बड़ी सफलता, तीन दिन में 2637 नए कार्ड बने

0
IMG-20260619-WA1186

‘घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान’ अभियान से हजारों परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े

छूटे हितग्राहियों तक पहुंची योजना, अब मिलेगा 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ

रायपुर । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत संचालित ‘‘घर-घर आयुष्मान, हर घर आयुष्मान’’ महा-अभियान में सूरजपुर जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 17 से 19 जून तक चले विशेष अभियान के दौरान जिले में 2316 नए आयुष्मान कार्ड तथा 321 वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे कुल 2637 हितग्राही स्वास्थ्य सुरक्षा कवच से जुड़ सके।

NTPC World Environment Day

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश तथा जिला पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से संचालित इस अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों तक पहुंचना था, जो अब तक आयुष्मान कार्ड से वंचित थे। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर संपर्क किया गया तथा स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए।

जिले में अब तक कुल 7 लाख 58 हजार 930 आयुष्मान कार्ड तथा 13 हजार 714 वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। अभियान के माध्यम से छूटे हुए हितग्राहियों को योजना से जोड़कर उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।

अभियान की सफलता में आयुष्मान मित्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), रोजगार सहायकों, पंचायत सचिवों, एएनएम, बैंक सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा च्वाइस सेंटर संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके संयुक्त प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र हितग्राहियों के कार्ड तैयार किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से पात्र परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

राज्य सरकार और केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!