द्वादश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आईजीएनटीयू अमरकंटक में उमड़ा जनसैलाब ,
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” का दिया संदेश,संत हुए शामिल
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली / पवित्र एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक (लालपुर) स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) में द्वादश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह , अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया । इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) पर आधारित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार सहित स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की ।

विश्वविद्यालय के खेल परिसर में प्रातः 7 बजे आयोजित कार्यक्रम कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ला के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ । कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ , संतुलित , तनावमुक्त एवं दीर्घायु जीवन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी लवलीन जी महाराज परमहंस धारकुंडी आश्रम अमरकंटक ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है । योग व्यक्ति के शरीर , मन और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित कर उसे स्वस्थ , प्रसन्न एवं ऊर्जावान बनाता है । उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव , मानसिक दबाव एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से बचने के लिए योग सबसे प्रभावी और सहज उपाय है ।
विश्वविद्यालय के योग विभाग के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों , प्राणायाम तथा ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया । योग विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास विशेष रूप से वृद्धावस्था में शरीर की लचक बनाए रखने , रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करने , मानसिक तनाव को कम करने तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ।
वक्ताओं ने कहा कि आज योग विश्व के करोड़ों लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है । भारत की प्राचीन योग परंपरा ने वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य , शांति और कल्याण का नया मार्ग प्रशस्त किया है । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया । पूरे आयोजन के दौरान सकारात्मक ऊर्जा , अनुशासन , उत्साह और स्वास्थ्य चेतना का अद्भुत वातावरण रहा । पूरा विश्वविद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर रहा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का संदेश प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचा ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि का सम्मान करते हुए विश्वविद्यालय के शिक्षकगण , अधिकारी , कर्मचारी , शोधार्थी , विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
