पीएम जनमन आवास योजना से पीव्हीटीजी परिवारों को मिल रहा सुरक्षित आवास
विशेष पिछड़ी जनजातियों के पक्के आवास का सपना हो रहा साकार, गरिमामय जीवन की ओर बढ़ रहे परिवार
रायपुर । प्रधानमंत्री जनमन (पीएम जनमन) आवास योजना राज्य के विशेष पिछड़ी जनजाति (पीव्हीटीजी) समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वर्षों से कच्चे मकानों में जीवनयापन कर रहे परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के परिवार इस योजना से लाभान्वित होकर बेहतर जीवन की ओर अग्रसर हैं। योजना के तहत आर्थिक सहायता और समयबद्ध संसाधनों की उपलब्धता से हितग्राही अपने स्वयं के पक्के आवास का निर्माण कर पा रहे हैं। इससे न केवल आवासीय सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि सामाजिक सम्मान और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।

इसी क्रम में बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चांची निवासी श्री एतवा राम का परिवार भी पीएम जनमन आवास योजना से लाभान्वित हुआ है। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने वाले श्री एतवा राम का परिवार बरसात में टपकती छत, सर्दियों की ठिठुरन और गर्मियों की तपन जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करता था। सीमित आय और आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था।
पीएम जनमन आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत होने के बाद उन्हें समय पर आर्थिक सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हुए, जिससे उनका पक्का मकान तैयार हो सका। आज श्री एतवा राम अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सुदृढ़ आवास में निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि नया घर उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, जिसने परिवार को मौसम की विपरीत परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजातीय परिवारों को पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ बेहतर जीवन जी सकें और सामाजिक मुख्यधारा से जुड़ते हुए विकास की नई संभावनाओं की ओर बढ़ सकें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

