रोज-रोज के विवाद से तंग पिता ने बेटे की डंडे से पीटकर की हत्या
शराब के नशे में घर में कर रहा था हंगामा, तखतपुर थाना क्षेत्र के कुशमुली गांव की घटना
बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुशमुली में पारिवारिक विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में कथित रूप से आए दिन घर में विवाद करने वाले बेटे की उसके ही पिता ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजेंद्र श्रीवाश (30 वर्ष) शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और परिजनों के साथ विवाद एवं हंगामा करने लगा।
इसी दौरान रोज-रोज के विवाद और हंगामे से परेशान उसके पिता मोहित राम श्रीवाश का धैर्य जवाब दे गया। आरोप है कि गुस्से में उन्होंने घर में रखा डंडा उठाकर बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

