गुरु-चेला विवाद में किन्नर की गला दबाकर हत्या, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
किन्नर समाज की गुरु-चेला प्रथा को लेकर हुआ विवाद, सकरी पुलिस ने हत्या का किया खुलासा
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में किन्नर समाज के दो सदस्यों के बीच कथित गुरु-चेला विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विवाद के दौरान एक किन्नर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अपराध क्रमांक 684/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिया उर्फ राकेश (24 वर्ष), पिता परमेश्वर ध्रुव, निवासी सेमरचुवा बरेला, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली (वर्तमान निवास जोकी ओवरब्रिज, थाना सकरी, बिलासपुर) के रूप में हुई है।

दिल्ली से आई थी मृतका
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक तन्नू खान, निवासी चिल्हाटी, का किन्नर वर्षा जान तथा मीरा उर्फ आशीष से परिचय था। तीनों गुरु-भाई बताए गए हैं। वर्षा जान 17 जुलाई 2026 को दिल्ली से बिलासपुर आई थी और उसे पुराने बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहराया गया था।
20 जुलाई को तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष साथ में जोकी स्थित मीरा के घर जाने के लिए निकले। रास्ते में उनकी मुलाकात रिया उर्फ राकेश से हुई, जिसे भी साथ चलने के लिए कहा गया। इसके बाद सभी मीरा के घर पहुंचे।
शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, रास्ते में तन्नू और रिया स्कूटी से तालापारा स्थित अस्पताल गए, जहां तन्नू अपनी बड़ी मां से मिलने पहुंची। लौटते समय दोनों ने पांच पाव देशी शराब और करीब डेढ़ किलो मछली खरीदी। इसके बाद चारों ने मीरा के घर पर शराब और भोजन किया।
इसी दौरान तन्नू खान ने रिया से उसके गुरु के बारे में पूछा और कथित रूप से उसे अपना चेला बनने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, किन्नर समाज की परंपरा के तहत गुरु को वार्षिक और मासिक राशि देने की बात भी कही गई। इस पर रिया ने स्वयं को किसी का चेला मानने से इनकार कर दिया।
गुरु-चेला प्रथा को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, बातचीत धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। मीरा और वर्षा ने दोनों को समझाने का प्रयास किया तथा तालापारा निवासी राजा किन्नर से फोन पर बात कराकर भी विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों नहीं माने।
आरोप है कि इसके बाद तन्नू और रिया पैदल ही तालापारा की ओर निकल गए। जब दोनों काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो मीरा और वर्षा ने उनकी तलाश की तथा कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने का दावा
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी रिया उर्फ राकेश ने गुरु-चेला विवाद के कारण तन्नू खान की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, घटना एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास 20 जुलाई की रात लगभग 11 बजे से 12 बजे के बीच हुई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सकरी थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

