मुंगेली के सुरेन्द्र कश्यप बने जिले के पहले कबड्डी नेशनल अंपायर
भारतीय कबड्डी महासंघ की कठिन परीक्षा में हासिल की सफलता, खेल जगत में खुशी की लहर
मुंगेली। जिले के लिए गौरव का विषय है कि क्षेत्र के वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक, पूर्व कबड्डी खिलाड़ी एवं नगर पंचायत जरहागांव के पार्षद सभापति सुरेन्द्र कश्यप ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। भारतीय कबड्डी महासंघ (AKFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अंपायर परीक्षा उत्तीर्ण कर वे मुंगेली जिले के पहले कबड्डी नेशनल अंपायर बन गए हैं।
हाल ही में झारखंड के बोकारो स्टील सिटी में आयोजित भारतीय कबड्डी महासंघ की राष्ट्रीय अंपायर परीक्षा में देशभर से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कठिन चयन प्रक्रिया और परीक्षा के बाद सुरेन्द्र कश्यप ने सफलता हासिल करते हुए नेशनल अंपायर बनने का गौरव प्राप्त किया।

सुरेन्द्र कश्यप लंबे समय से कबड्डी खेल से जुड़े हुए हैं। वे एक खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अंपायर के रूप में वर्षों से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वे नगर पंचायत जरहागांव में पार्षद सभापति के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत का गौरव बढ़ा है।
उनकी इस सफलता पर पूर्व खिलाड़ी राजेन्द्र जायसवाल, कुमार राज कश्यप, वेदप्रकाश कश्यप, उमेश साहू, उमेश कश्यप, जिला कबड्डी संघ के रजिस्ट्रार ज्ञानेंद्र कश्यप सहित जिले के खेल पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
खेल प्रेमियों का कहना है कि सुरेन्द्र कश्यप की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और भविष्य में मुंगेली से राष्ट्रीय स्तर के और भी खिलाड़ी एवं तकनीकी अधिकारी तैयार होंगे। उनकी सफलता से जिले में कबड्डी खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

