मुंबई में एनसीबी की बड़ी कार्रवाई, न्यूजीलैंड भेजी जा रही 11 किलो एफेड्रिन जब्त, एक गिरफ्तार
मुंबई । नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 11 किलोग्राम एफेड्रिन जब्त की है। यह खेप बेडशीट, फोटो फ्रेम और फ्लोर मैट जैसे घरेलू सामान में छिपाकर न्यूजीलैंड भेजी जा रही थी। मामले में चेन्नई निवासी एस. हमीद को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई गई है।
एनसीबी की मुंबई जोनल यूनिट को लंबे समय से इस तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। जांच में पता चला कि गिरोह का संचालन चेन्नई से किया जा रहा था, जबकि पार्सल मुंबई और पुणे से बुक कराए जाते थे ताकि एजेंसियों को संदेह न हो। इसके लिए फर्जी पहचान और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
खुफिया सूचना के आधार पर 21 जुलाई को एनसीबी ने मुंबई के एक कूरियर सेंटर में न्यूजीलैंड भेजे जा रहे दो संदिग्ध पार्सलों को रोका। जांच में फ्लोर मैट की परतों के बीच करीब सात किलोग्राम एफेड्रिन बरामद हुई। कूरियर दस्तावेजों की जांच में सभी कागजात फर्जी पाए गए।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए एनसीबी की टीम चेन्नई के त्रिप्लिकेन इलाके पहुंची, जहां छापेमारी कर एस. हमीद को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से पैकिंग सामग्री, डिजिटल वजन मशीन, सीलिंग मशीन, प्लास्टिक बैग, फर्जी पहचान पत्र और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि न्यूजीलैंड के लिए एक और पार्सल पहले ही भेजा जा चुका है। इसके बाद एनसीबी ने 25 जुलाई को कल्याण से उस पार्सल को भी जब्त कर लिया। जांच में इस बार बेडशीट और फोटो फ्रेम के भीतर करीब 3.99 किलोग्राम एफेड्रिन छिपी मिली। तीनों पार्सलों से कुल 10.99 किलोग्राम एफेड्रिन बरामद की गई।
एनसीबी के अनुसार, एफेड्रिन का सीमित उपयोग चिकित्सा क्षेत्र में किया जाता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह इसका इस्तेमाल मेथाम्फेटामाइन जैसी सिंथेटिक ड्रग्स बनाने में करते हैं। यही कारण है कि इसकी तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जाती है।
जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में एफेड्रिन कहां से लाई गई, इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा न्यूजीलैंड में इस खेप की डिलीवरी किसे की जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

