प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, कार्यभार ग्रहण करते ही अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

0
74-1

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर मंत्रालय के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। यह जिम्मेदारी उन्हें ऐसे समय मिली है, जब देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा जारी है।

राष्ट्रपति द्वारा पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद प्रधानमंत्री की सलाह पर प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा देते हुए हाल की घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की थी। उन्होंने कहा था कि यह उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का सवाल है।

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब नीट पेपर लीक विवाद को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र आंदोलन और राजनीतिक गतिविधियां तेज रही हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग की जा रही थी।

प्रह्लाद जोशी फिलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का भी कार्यभार संभाल रहे हैं। इससे पहले वे संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। कर्नाटक की धारवाड़ लोकसभा सीट से लगातार पांच बार सांसद चुने जा चुके जोशी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।

शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद उनके सामने प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को मजबूत करना, छात्रों का विश्वास बहाल करना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना प्रमुख चुनौतियों में शामिल माना जा रहा है। इसके अलावा विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, उच्च शिक्षा में अनुसंधान को बढ़ावा, डिजिटल शिक्षा का विस्तार और कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहन देना भी मंत्रालय की प्राथमिकताओं में रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!