प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहा लाखों परिवारों के अपने घर का सपना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जरूरतमंदों को मिल रहा सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन
जशपुर की फूलमती ठाकुर की बदली जिंदगी, कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक का सफर बना प्रेरणा
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) प्रदेश के हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप गरीब और वंचित परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। यह योजना केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन की नई शुरुआत भी दे रही है।

जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत तपकरा निवासी फूलमती ठाकुर की कहानी इस परिवर्तन की सशक्त मिसाल है। कभी उनका परिवार कच्चे मकान में रहने को विवश था। बरसात के दिनों में टपकती छत, भीगता सामान और असुरक्षित माहौल उनके जीवन की रोजमर्रा की चुनौती थी। हर वर्ष बारिश का मौसम नई परेशानियां लेकर आता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ। शासन से मिली सहायता के माध्यम से उन्होंने अपना नया घर बनाया। आज उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है। पक्का मकान मिलने से न केवल रहने की चिंता समाप्त हुई है, बल्कि परिवार के जीवन में स्थायित्व, आत्मविश्वास और नई आशा का संचार हुआ है।
फूलमती ठाकुर बताती हैं कि पहले कच्चे मकान में हर मौसम चिंता का कारण बन जाता था, लेकिन अब अपने पक्के घर में पूरा परिवार निश्चिंत होकर रह रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को नई पहचान, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीने का अवसर दिया है।
प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना हजारों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। पक्के घर के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराकर यह योजना सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन रही है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

