कोरबा में मलेरिया का कहर: दो छात्राओं की मौत, 11 से ज्यादा छात्र संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

0
55-18

कोरबा । छत्तीसगढ़ में बरसात के साथ मलेरिया का खतरा बढऩे लगा है। कोरबा जिले में मलेरिया से दो छात्राओं की मौत हो गई है, जबकि 11 से अधिक छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।


जानकारी के अनुसार, मर्दापोटी और इरादाह स्थित छात्रावासों के छात्र मलेरिया की चपेट में आए हैं। संक्रमित छात्रों का इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों छात्रावासों में शिविर लगाकर छात्रों की स्वास्थ्य जांच, मलेरिया टेस्ट और दवाओं का वितरण शुरू कर दिया है।
बिलासपुर में भी मिले मलेरिया के मरीज
कोरबा के अलावा बिलासपुर जिले के औरापानी और नवाडीह गांव में भी चार बच्चों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। सभी बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित गांवों में विशेष जांच अभियान चला रहा है। वहीं कलेक्टर ने भी हालात की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
72 गांव पहले से मलेरिया प्रभावित
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोटा विकासखंड के 72 गांव पहले से मलेरिया प्रभावित घोषित हैं। हर वर्ष बारिश के मौसम में यहां मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें, घर के आसपास पानी जमा न होने दें और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
बस्तर संभाग में 8,426 मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक बस्तर संभाग में 8,426 मलेरिया मरीज सामने आए हैं। इनमें 254 मिक्स मलेरिया के मामले भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मलेरिया से बचाव के सभी उपाय अपनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!