नाबालिग को धमकाकर 450 ग्राम सोना और ₹14.50 लाख ऐंठने वाले गिरोह पर शिकंजा

0
IMG-20260805-WA1248

सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खरीददारों सहित अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार; भयादोहन से जुड़े जेवर और नगदी बरामद

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची को डरा-धमकाकर लाखों रुपये और भारी मात्रा में सोने के जेवर हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें अवैध रूप से सोने के जेवर खरीदने वाले दो खरीददार भी शामिल हैं। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच उसकी नाबालिग नातिन को डरा-धमकाकर तथा परिजनों की हत्या की धमकी देकर आरोपियों ने लगभग 450 ग्राम सोने के जेवर और 14 लाख 50 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत के आधार पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1122/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव तथा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने पहले चरण में 2 अगस्त को आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया था।

NTPC World Environment Day

पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवरों की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिली। इसके आधार पर लगातार 72 घंटे तक छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू तथा खुशबू बुधिया को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नाबालिग बच्ची को लगातार भयभीत कर उससे सोने के जेवर और नगदी हासिल की थी। बाद में इन जेवरों को अलग-अलग व्यक्तियों को बेच दिया गया। पुलिस ने आरोपियों और खरीददारों की निशानदेही पर भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवर एवं नगदी विधिवत बरामद कर जब्त कर ली है।

गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क, जेवरों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों और भयादोहन के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!