साइकिल सिखाने के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
बिलासपुर/सीपत। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को पीड़िता की परिजन थाना सीपत पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम नीरतू निवासी आरोपी दीपक पटेल ने बालिका को साइकिल सिखाने का झांसा देकर रैलहा जंगल की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत के आधार पर थाना सीपत में अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे उसके निवास से हिरासत में लिया।
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम नीरतू, थाना सीपत, ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
