घुड़सवारों के साहस, महिला बैगपाइपर बैंड की लय और श्वान दल के रोमांचक प्रदर्शन से सजा स्वतंत्रता दिवस समारोह

0
Screenshot_20260815_191513

हॉर्स शो में घुड़सवारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, महिला बैगपाइपर बैंड ने देशभक्ति की धुनों से बांधा समां

पुलिस डॉग स्क्वाड ने विस्फोटक और नारकोटिक सामग्री खोजने सहित विभिन्न विधाओं में दिखाई दक्षता

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम घुड़सवार दल के साहसिक प्रदर्शन, महिला बैगपाइपर बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित श्वान दल की रोमांचक गतिविधियों से विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में जवानों और प्रशिक्षित दलों ने अपने अनुशासन, साहस और दक्षता का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमुदाय की खूब तालियां बटोरीं।

घुड़सवार दल का हॉर्स शो रहा आकर्षण का केंद्र

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने हॉर्स शो के दौरान फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं।

आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च प्रस्तुत किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

NTPC World Environment Day

घुड़सवार दल के साहसिक करतबों को देखकर पुलिस परेड ग्राउंड में मौजूद दर्शकों में उत्साह का माहौल रहा। प्रदर्शन समाप्त होने पर उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से घुड़सवार दल का उत्साहवर्धन किया।

महिला बैगपाइपर बैंड ने देशभक्ति की धुनों से मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी। आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस महिला बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं।

बैंड ने स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल की प्रस्तुति भी दी। बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों पर मनमोहक धुनें बजाकर वातावरण को संगीतमय बना दिया।

इस महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित आईटीबीपी के बीटीसी मानु में छह माह का कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। बैंड ने वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। यह प्रतियोगिता असम राइफल्स के दीमापुर प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई थी।

इसके अलावा हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर तथा पूरे प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी हासिल किया था।

श्वान दल ने दिखाई अद्भुत दक्षता

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का रोमांचक प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी कुशलता दिखाई।

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में स्वयं को व्यवस्थित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का श्वानों ने पूरी दक्षता से पालन किया।

प्रदर्शन के दौरान आग से जुड़े रोमांचक करतब भी प्रस्तुत किए गए। गोल रिंग में जल रही आग के बीच से श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

विस्फोटक और नारकोटिक सामग्री खोजने का किया प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित श्वान दल ने पुलिस परेड ग्राउंड में जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्रियों को तेजी से खोज निकालने की अपनी क्षमता का भी प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के माध्यम से पुलिस डॉग स्क्वाड की भूमिका और उपयोगिता से उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

प्रशिक्षित श्वानों ने विभिन्न गंधों के मिश्रण में से निर्धारित गंध की पहचान करने की क्षमता भी प्रदर्शित की। रूमाल को सूंघकर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के प्रदर्शन ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल के साहस, महिला बैगपाइपर बैंड की शानदार प्रस्तुति और श्वान दल की दक्षता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इन प्रदर्शनों के माध्यम से पुलिस बल के अनुशासन, प्रशिक्षण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रभावी झलक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!