स्वतंत्रता दिवस समारोह : मुख्यमंत्री साय ने पुलिस परेड ग्राउंड पर किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया आजादी का 80वां पर्व, 17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
रायपुर । राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश वाचन किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। परेड में शामिल 17 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि निशांत गौरव कुर्रे परेड टू-आई-सी रहे। इस वर्ष बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग के रूप में परेड में शामिल किया गया।

परेड में सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुरुष एवं महिला दल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना के पुरुष एवं महिला दल, एनसीसी बालक एवं बालिका दल, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल तथा डॉग स्क्वॉड ने हिस्सा लिया। महिला बैगपाइपर बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने भी समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

केंद्रीय बलों में आईटीबीपी अव्वल
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता आईटीबीपी दल को 5 हजार रुपये नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस वर्ग में सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी ने दूसरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीमा सुरक्षा बल को 3 हजार रुपये तथा सीआरपीएफ दल को 2 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य बलों में महिला सशस्त्र बल का शानदार प्रदर्शन
राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस दल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जिसे 3 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। दल को 2 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
एनसीसी गर्ल्स ने हासिल किया पहला स्थान
कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में एनसीसी गर्ल्स दल ने प्रथम तथा एनसीसी बॉयज दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान परेड टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव तथा श्वान दल के कमांडर राज कपूर को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा परेड की विभिन्न प्रस्तुतियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड दलों के अनुशासन, कदमताल और देशभक्ति से भरी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। तिरंगे की शान में निकला मार्च पास्ट समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से जवानों एवं प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
