बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ
युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा रचनात्मकता एवं डिजिटल अभिव्यक्ति का आधुनिक मंच
जगदलपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में स्थापित बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचारी लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता, विचारों और प्रतिभा को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।
शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर को डिजिटल माध्यमों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री का इंटरव्यू
बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट की भी शुरुआत हुई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका तथा नई तकनीकों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

उप मुख्यमंत्री ने क्रिएटर हब की पहल को बस्तर के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि आज डिजिटल माध्यम विचारों और प्रतिभाओं को बड़े स्तर पर पहुंचाने का प्रभावी साधन बन चुके हैं। बस्तर के युवा अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग कर क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं।

बस्तर की प्रतिभाओं को मिलेगा आधुनिक मंच
बस्तर क्रिएटर हब युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तकनीकी संसाधनों के साथ प्रस्तुत कर सकेंगे।
बस्तर की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यटन स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं को डिजिटल मंच उपलब्ध कराने से क्षेत्र की सकारात्मक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। क्रिएटर हब के माध्यम से स्थानीय विषयों और कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में भी नई संभावनाएं खुलेंगी।
युवाओं को रचनात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर
बस्तर के युवाओं के लिए यह केंद्र केवल तकनीकी सुविधाओं का स्थान नहीं, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति और नवाचार का मंच बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यहां युवा डिजिटल कंटेंट तैयार करने के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने और नए विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा क्रिएटर हब से संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
