छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ध्वजारोहण कर दी राष्ट्रध्वज को सलामी, पर्यटन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने का दोहराया संकल्प
रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के मुख्यालय में राष्ट्रीय पर्व उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अध्यक्ष नीलू शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने सपनों को साकार करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प भी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, लोक परंपराओं, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों और जनजातीय जीवनशैली के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। पर्यटन मंडल का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की इस समृद्ध विरासत और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के पर्यटकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। पर्यटन के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को भी संरक्षण एवं प्रोत्साहन मिलेगा।
शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। राज्य के पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने, पर्यटकों के अनुभव को सुखद बनाने तथा छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पर्यटन मंडल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की प्रगति, प्रदेश के विकास तथा छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हुआ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
