स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा
मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों को दिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक निर्देश
रायपु । स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में आज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं तथा आम नागरिकों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुगम और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभागीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रदेश के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक भी जरूरी दवाएं और चिकित्सा सुविधाएं समय पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम नागरिकों को सहजता से उपलब्ध होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को आवश्यक उपचार या दवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अस्पतालों में स्वच्छता और दवाओं की उपलब्धता पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई मरीजों के उपचार और संक्रमण नियंत्रण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए अस्पताल परिसर, वार्ड, ओपीडी, शौचालय सहित सभी आवश्यक स्थानों पर नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। दवाओं की आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और जरूरत के अनुसार समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गुणवत्तापूर्ण उपचार और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार
बैठक में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। मरीज और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी सहजता से उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव की भी समीक्षा की और उपकरणों को व्यवस्थित एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों का नियमित रखरखाव किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
स्टाफ की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकीय तथा अन्य स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सीधे तौर पर स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली से जुड़ी है। इसलिए अधिकारियों को संस्थानों का नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना चाहिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार सभी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
