जामबहार में 3.40 करोड़ की लागत से बनेगा नया विद्युत सबस्टेशन

0
IMG-20260901-WA1191

4500 से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुधरेगी बिजली आपूर्ति

कोरबा । कोरबा जिले के बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने जामबहार में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 के.वी. एवं 05 एम.वी.ए. क्षमता वाले विद्युत सबस्टेशन का विधिवत भूमिपूजन किया।

नए सबस्टेशन के निर्माण से जामबहार सहित आसपास के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। इसके साथ ही वर्तमान में आसपास के अन्य सबस्टेशनों पर पड़ रहे विद्युत भार को कम करने में भी मदद मिलेगी।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

सबस्टेशन निर्माण से कोरबा शहरी क्षेत्र की कई बस्तियों को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। इनमें रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा शामिल हैं।

NTPC World Environment Day

इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र के जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया में भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विभाग के अनुसार इस परियोजना से 4500 से अधिक उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे।

क्षेत्र में नया सबस्टेशन स्थापित होने से बिजली के वोल्टेज में सुधार, विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा फाल्ट की स्थिति में आपूर्ति बहाल करने में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सौर ऊर्जा योजनाओं का लाभ लेने की अपील

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा हर घर तक पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने की है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से बिजली की उपलब्धता के साथ लोगों को आर्थिक रूप से भी लाभ मिल सकता है।

क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने नए सबस्टेशन की स्वीकृति और निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर बिजली व्यवस्था से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि, व्यापार और अन्य गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!