जांजगीर में जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस का छापा, 9 जुआरी गिरफ्तार
गोरिल्ला वार तकनीक से घेराबंदी कर दबिश, 4.28 लाख रुपए नकद और ताशपत्ती सहित सामग्री जब्त
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर स्थित एक मकान में दबिश देकर कथित रूप से जुआ खेल रहे 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और मौके से कुल 4 लाख 28 हजार 420 रुपए नकद, ताशपत्ती सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
कार्रवाई को कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस ने घेराबंदी के लिए गोरिल्ला वार तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जुआ फड़ पर दबिश दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

मुखबिर की सूचना पर बनाई गई टीम
पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद थाना कोतवाली एवं रिस्पांस टीम की संयुक्त टीम तैयार की गई और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी एवं मौके की कार्रवाई के दौरान नकदी, ताशपत्ती तथा अन्य सामग्री जब्त की गई।

ये आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में भैरव मिश्रा उर्फ मोगली (44), निवासी बी. महंत उपनगर वार्ड नंबर 6 जांजगीर; अखिलेश राठौर (36), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड नंबर 2 जांजगीर; रामनारायण राठौर (55), निवासी भगत चौक वार्ड नंबर 11 जांजगीर; धीरज पाठक (42), निवासी न्यू चंदनीयापारा वार्ड नंबर 16 जांजगीर; राहुल बजाज (37), निवासी वार्ड नंबर 23 केरा रोड जांजगीर; तालिब खान (40), निवासी वार्ड नंबर 4 नैला; अविनाश राठौर (39), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड नंबर 12 जांजगीर; मुकेश बजाज (45), निवासी केरा रोड जांजगीर तथा कृष्ण कुमार चंद्र (38), निवासी वार्ड नंबर 7 न्यू चंदनीयापारा जांजगीर को पकड़ा गया।
4.28 लाख रुपए और ताशपत्ती जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4,28,420 नकद बरामद किया गया। इसके अलावा ताशपत्ती एवं मौके से अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मकान मालिक के खिलाफ भी जांच
पुलिस के अनुसार जिस मकान में कथित रूप से जुआ खेला जा रहा था, उसके मकान मालिक के संबंध में भी जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर मकान मालिक के विरुद्ध पृथक से वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस एवं रिस्पांस टीम द्वारा की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
कोतवाली पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील भी की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
