कोल इंडिया चेयरमैन श्री बी. साईराम ने किया एसईसीएल की कुसमुंडा खदान का व्यापक निरीक्षण, उत्पादन लक्ष्य एवं परिचालन गतिविधियों की समीक्षा
कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन श्री बी. साईराम ने रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कुसमुंडा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का दौरा कर कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) एवं अन्य परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने संशोधित उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्ययोजना तथा परिचालन संबंधी चुनौतियों पर अधिकारियों एवं संबंधित हितधारकों के साथ चर्चा की।


दौरे की शुरुआत में श्री साईराम ने कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने विभागीय माइनिंग पैच का निरीक्षण कर वहां संचालित खनन कार्यों एवं उत्पादन गतिविधियों की जानकारी ली।

इसके बाद चेयरमैन ने केएनआर (KNR) के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच का दौरा किया तथा वहां चल रहे खनन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नीलकंठ फेस का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने कोल फेस की स्थिति, एक्सपोजर तथा खनन गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री साईराम ने कुसमुंडा परियोजना के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उत्पादन बढ़ाने की दिशा में मौजूदा बाधाओं, परिचालन संबंधी चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदमों की विस्तृत समीक्षा की।

दौरे के दौरान श्री साईंराम द्वारा उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित कर, उनसे सीधा संवाद कर उनकी हौसलाफजाई भी की।
फील्ड निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति, खनन कार्यों में समन्वय तथा परिचालन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में एसईसीएल सीएमडी श्री हरीश दुहन वीसी के माध्यम से जुड़े। बैठक में निदेशक तक. (संचालन) श्री रमेश चन्द्र महापात्र, निदेशक तक. योजना/परियोजना श्री नृपेन्द्र नाथ सहित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
