राज्य निर्माण के प्रणेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय- विधायक किरण देव
सशक्त नारी, युवा उड़ान के संकल्प के साथ जगदलपुर में गूंजा विकास का शंखनाद
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर बस्तर जिले के जिला मुख्यालय जगदलपुर में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की केंद्रीय थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने मिलकर बस्तर को संघर्ष के दौर से पूरी तरह बाहर निकालकर स्थायी शांति और समृद्धि की ओर ले जाने का दृढ़ संकल्प दोहराया। समारोह के शुभारंभ अवसर पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने राज्य निर्माण के प्रणेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ वासियों के सरल स्वभाव और जनभावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए बिना किसी बड़े संघर्ष के इस नए राज्य की सौगात दी थी।

विधायक किरण देव ने प्रदेश की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा और पारदर्शी लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना पूरी तरह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अपने वादे के अनुरूप 3100 रुपए प्रति क्विंटल की आकर्षक दर से धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था की है। वहीं, ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में हर माह 1000 रुपए की राशि भेजकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और संबल बनाया जा रहा है। युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए जगदलपुर में 24 घंटे संचालित होने वाली नालंदा परिसर जैसी आधुनिक अध्ययन सुविधाएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं के लिए बेहद सहायक साबित हो रही हैं। इसके साथ ही, धुरवा जनजाति बहुल क्षेत्र धुड़मारास के हेरिटेज विलेज के रूप में चयन, होम-स्टे और पर्यटन कॉरिडोर के विकास से स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।

राज्योत्सव समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डे ने नारी शक्ति और युवा ऊर्जा को नए बस्तर के निर्माण का सबसे सशक्त आधार बताया। उन्होंने कहा कि दशकों तक माओवादी हिंसा का दंश झेलने वाला यह शांत अंचल अब पूरी तरह भयमुक्त होकर शांति और विकास के नए आयामों की ओर तेजी से अग्रसर है। आज बस्तर की बेटियां देश की सीमाओं की सुरक्षा करने से लेकर खेल के मैदानों, नवाचार, स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया के मंचों पर तिरंगे का मान और गौरव बढ़ा रही हैं। महापौर ने रेखांकित किया कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसी अनूठी पहलों ने स्थानीय ग्रामीण प्रतिभाओं को एक नया मंच और पहचान दी है, जिससे आज का युवा नौकरी तलाशने वाले के स्थान पर अपने कौशल और तकनीक के बल पर रोजगार प्रदाता बनकर उभर रहा है।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले की विकास यात्रा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा बलों के सर्वोच्च बलिदान और आम जनता के सक्रिय सहयोग के फलस्वरूप 31 मार्च 2026 को बस्तर क्षेत्र का माओवाद मुक्त होना एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ है, जिसके बाद से जिला प्रशासन का पूरा ध्यान शांति और त्वरित विकास को गति देने पर केंद्रित है। उन्होंने जिले की प्रगति के विभिन्न आंकड़े साझा किए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 8,700 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से अंदरूनी और दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़कों का मजबूत जाल बिछाया जा रहा है। गीदम-भोपालपटनम फोरलेन कॉरिडोर और अंतागढ़-जगदलपुर रेल परियोजना पर कार्य बेहद तेज गति से जारी है, जबकि राजधानी रायपुर और हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवाएं क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से नई गति दे रही हैं। इसके अलावा ‘बस्तर मावा अभियान’, ‘पूना नर्कोम’, 10,000 से अधिक देवगुड़ी व मातागुड़ी स्थलों का संरक्षण और मेडिकल कॉलेज व सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसी अत्याधुनिक अधोसंरचनाएं बस्तर में जनमानस के जीवन स्तर को लगातार उन्नत कर रही हैं। साथ ही, देऊरगांव एवं मटनार सिंचाई परियोजना के माध्यम से बस्तर में कृषि क्षेत्र को एक नई दिशा मिलेगी। वर्ष 2031 तक बस्तर के प्रत्येक गांव को सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सेवाओं से पूरी तरह परिपूर्ण कर इसे एक पूर्णतः विकसित अंचल बनाने का दृढ़ संकल्प दोहराया गया।
इस दौरान समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई आकर्षक विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर आम जनता से शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस मौके पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, भूमि स्वामित्व दस्तावेज सहित अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की गई। वहीं, बस्तर की आराध्य देवी मां दन्तेश्वरी के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित पदयात्री सेवा केंद्र में बेहतरीन व्यवस्था सुनिश्चित करने वाले समाजसेवी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा गणमान्य नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों तथा पारंपरिक लोक कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस भव्य अवसर पर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना समेत जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
