राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत किसानों को वितरित किए गए ड्रम, प्राकृतिक खेती अपनाने किया प्रेरित
करगी कला के रीपा में आयोजित हुआ कार्यक्रम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरज साधे लाल भारद्वाज ने बताई प्राकृतिक खेती की उपयोगिता
करगीरोड-कोटा। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत करगी कला स्थित रीपा में चयनित किसानों को ड्रम वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत कोटा की अध्यक्ष श्रीमती सूरज साधे लाल भारद्वाज उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महामंत्री अंजना पंत, उपाध्यक्ष हेमलता राजपूत, रितेश पाण्डेय, शीला गोस्वामी, महिला मोर्चा अध्यक्ष बाला साहू, संतोष सिंह ठाकुर, मुंद्रिका प्रसाद दुबे, अरुण दुबे, सीईओ एफसी आरती प्रधान, कृषि सखी रामनरेश सेन, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मीना पोया, पीआर क्लस्टर प्राची बारी, जानकी साहू सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सूरज साधे लाल भारद्वाज ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में किसानों के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाना बेहद उपयोगी है। इससे खेती की लागत कम होती है, मिट्टी की उर्वरता एवं सेहत में सुधार होता है तथा पानी की बचत भी होती है। साथ ही रासायनिक पदार्थों के उपयोग में कमी आने से सुरक्षित और विषमुक्त भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
जीवामृत और बीजामृत बनाने में उपयोगी हैं ड्रम
कार्यक्रम में किसानों को वितरित किए गए ड्रम की उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इन ड्रमों का उपयोग मुख्य रूप से जीवामृत, बीजामृत और विभिन्न प्रकार के जैविक कीट नियंत्रण घोल तैयार करने में किया जाता है। इनके माध्यम से किसान प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक घोल स्वयं तैयार कर सकते हैं, जिससे खेती में बाहरी संसाधनों पर निर्भरता और उत्पादन लागत कम करने में सहायता मिल सकती है।
रसायन मुक्त खेती अपनाने किसानों से अपील
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मिट्टी की गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। किसानों से अपील की गई कि वे रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाएं और समाज तक सुरक्षित एवं विषमुक्त भोजन पहुंचाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर खेती को अधिक टिकाऊ और कम लागत वाला बनाने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

