दूर तलक देखते ही बनती है खुबसूरत गेंदा के फूलों की रंगत…
गेंदा फूलों की खेती से बदली किसान विद्याधर पटेल की जिंदगी
शासन के उद्यानिकी विभाग से मिला तकनीकी मार्गदर्शन, 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूल की खेती कर कमा रहे लाखों रूपये
मार्केट में फूलों की डिमांड का मिला फायदा
छत्तीसगढ़ के साथ ही ओडिशा के कई जिलों तक कर रहे फूलों की आपूर्ति
स्थानीय लोगों को मिल रहा नियमित रोजगार
रायपुर । दूर तलक क्यारी में फैले खुबसूरत गेंदा के फूलों की रंगत देखते ही बनती है। यह गेंदा के फूलों की क्यारी है, लैलूंगा विकासखंड के ग्राम-कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल की। जिन्होंने शासन के उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लेते हुए गेंदा के फूलों की उम्दा खेती की है। वे 7 से 8 एकड़ में गेंदा के फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक भेजे जा रहे हैं। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में फूलों की नियमित आपूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि गेंदा फूल की खेती में एक एकड़ से लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की बहुत डिमांड रहती है। उन्होंने बताया कि सालाना लगभग 35 लाख तक कि आमदनी गेंदा की खेती से हो जाती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 वाहनों में फूल भेजे जाते हैं। इस खेती से वे स्वयं बेहतर आमदनी अर्जित करने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
किसान विद्याधर पटेल ने बताया कि वे पहले सब्जी-भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में शासन द्वारा आयोजित कृषि प्रदर्शनी में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनी में गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने के लिए प्रेरित हुए। इसके बाद उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की और अनुभव के साथ धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते चले गए। शुरुआती दौर में गेंदा फूल की खेती के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी रहता था। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उद्यानिकी विभाग से मार्गदर्शन लेकर उन्होंने नवीन वैज्ञानिक तरीके से पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इसका फायदा यह हुआ कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचा जा सकता है। इस तकनीक से उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना और नुकसान की आशंका कम हुई। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ आवश्यकता के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।
गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उन्होंने अपनी बाड़ी में तैयार की है। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के माध्यम से उन्होंने अपनी आय के लिए अलग-अलग रास्ते तैयार किए हैं। यह इस बात की बानगी है कि खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव किया जाए तो इसे बेहतर आमदनी का जरिया बनाया जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

