मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर जताया गहरा शोक
राउत नाचा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में डॉ. यादव का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा : मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रख्यात शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. कालीचरण यादव के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डॉ. यादव ने अपना संपूर्ण जीवन छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, कला और समृद्ध परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया। उनका निधन प्रदेश के कला, साहित्य और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकनृत्य विधा राउत नाचा को महोत्सव का स्वरूप प्रदान कर राष्ट्रीय मंच और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में डॉ. कालीचरण यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपनी सांस्कृतिक साधना और अथक प्रयासों से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं को नई पहचान दिलाई। लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

