रायपुर मास्टर प्लान (पुनर्विलोकित) 2031 में मुख्य सड़क मार्गों से संबंधित विसंगतियों को दूर करने की पहल
प्रस्तावित संशोधन पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों एवं संबंधित हितधारकों से दावा-आपत्ति और सुझाव आमंत्रित
11 मार्गों को पुनः शामिल करने, 23 मार्गों की चौड़ाई और 10 मार्गों के अलाइनमेंट को पूर्ववत करने की अनुशंसा
संचालक नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में गठित समिति ने 170 से अधिक सुझावों एवं आवेदनों का किया परीक्षण
रायपुर । रायपुर शहर के सुनियोजित विकास, भविष्य की यातायात आवश्यकताओं एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर विकास योजना (पुनर्विलोकित) 2031 के मार्ग संबंधी प्रावधानों में आवश्यक संशोधन की दिशा में राज्य शासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। रायपुर मास्टर प्लान के अंतर्गत मुख्य सड़क मार्गों से संबंधित विसंगतियों को दूर करने के लिए प्रस्तावित उपांतरण पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों एवं संबंधित हितधारकों से दावा-आपत्ति और सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं।
रायपुर मास्टर प्लान 2021 का मूल प्रकाशन 7 अप्रैल 2008 को किया गया था। इस मास्टर प्लान का पुनर्विलोकन करते हुए योजना का पुनः प्रकाशन 24 जुलाई 2023 को किया गया। पुनर्विलोकित योजना के संबंध में प्राप्त शिकायतों एवं अनियमितताओं के परीक्षण के लिए राज्य शासन द्वारा 15 मार्च 2024 को संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया था।
समिति को अनियमितताओं एवं विसंगतियों के संबंध में 170 से अधिक सुझाव एवं आवेदन प्राप्त हुए। समिति द्वारा मूल एवं पुनर्विलोकित विकास योजनाओं का तुलनात्मक परीक्षण करते हुए स्थल स्थिति, पूर्व स्वीकृत विकास अनुज्ञाओं, राजस्व अभिलेखों, वर्तमान भू-उपयोग, विद्यमान मार्गों एवं भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के परिप्रेक्ष्य में इन आवेदनों की जांच की गई। जांच के उपरांत समिति द्वारा अपनी रिपोर्ट राज्य शासन को प्रस्तुत की गई है।
11 मार्गों को पुनः मास्टर प्लान में शामिल करने की अनुशंसा
जांच समिति ने पाया कि जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत 11 मार्गों को विलोपित अथवा परिवर्तित किया गया था। सुदृढ़ यातायात व्यवस्था के लिए इन मार्गों को आवश्यक पाए जाने पर समिति ने इन्हें मास्टर प्लान में पुनः सम्मिलित करने की अनुशंसा की है।
23 मार्गों की चौड़ाई वर्ष 2021 की योजना के अनुसार पूर्ववत करने की अनुशंसा
समिति के परीक्षण में पाया गया कि जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत कुल 23 मार्गों की प्रस्तावित चौड़ाई में कमी की गई थी। सुदृढ़ यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से समिति ने इन मार्गों की चौड़ाई पूर्व योजना 2021 के अनुसार पूर्ववत करने की अनुशंसा की है।
10 मार्गों के अलाइनमेंट को पूर्ववत करने की अनुशंसा
जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत 10 मार्गों के अलाइनमेंट में परिवर्तन किया जाना पाया गया। समिति ने इन मार्गों के अलाइनमेंट को पूर्ववत करने की अनुशंसा की है। इसके अंतर्गत MR-33 एवं MR-40 के अलाइनमेंट को पूर्व योजना 2021 के अनुरूप किए जाने की अनुशंसा भी शामिल है।
प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों के नाम एवं चौड़ाई संबंधी विसंगतियों के निराकरण की पहल
मास्टर प्लान 2021 में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों एवं प्रमुख चौक-चौराहों की तालिका में इन मार्गों के नाम सहित चौड़ाई का भी उल्लेख किया गया था। जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना में इन तालिकाओं में कुछ स्थानों पर नाम तथा कई स्थानों पर चौड़ाई का उल्लेख विलोपित कर दिया जाना पाया गया। इससे विकास अनुज्ञा देने की प्रक्रिया में विसंगतियां आ रही हैं। समिति ने इन तालिकाओं को पूर्ववत करने की अनुशंसा की है।
इसके अतिरिक्त मार्गों से इतर असंगत भूमि उपयोग, हरित क्षेत्र, जलाशय आदि विषयों पर भी आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनके संबंध में पृथक से कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम की धारा 23-क के तहत दावा-आपत्ति आमंत्रित
मार्गों से संबंधित समिति की अनुशंसाओं के आधार पर रायपुर मास्टर प्लान (पुनर्विलोकित) में उपांतरण प्रस्ताव को छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के अंतर्गत आम नागरिकों, भू-स्वामियों एवं संबंधित हितधारकों से निर्धारित प्रक्रिया एवं अवधि में दावा-आपत्ति तथा सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य विकास योजना में जनभागीदारी एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
चार कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी प्रस्तावित उपांतरण की प्रति
प्रस्तावित उपांतरण की प्रति कार्यालयीन समय में अवकाश दिवसों को छोड़कर अवलोकन के लिए आयुक्त, रायपुर संभाग, छत्तीसगढ़; कलेक्टर, जिला रायपुर; संयुक्त संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर तथा आयुक्त, नगर पालिक निगम, रायपुर के कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी।
इच्छुक व्यक्ति अपनी लिखित आपत्तियां एवं सुझाव निर्धारित 15 दिवस की अवधि के भीतर शासकीय कार्यदिवसों में उक्त कार्यालयों में प्रस्तुत कर सकेंगे।
राज्य शासन की इस पहल से रायपुर मास्टर प्लान के मार्ग संबंधी प्रावधानों में सामने आई विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

