भिलोनी में खुलेआम अवैध रेत खनन का आरोप, अधिकारियों की कथित अनदेखी से रेत माफियाओं के हौसले बुलंद
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
ट्रैक्टरों से दिन-रात हो रहा रेत का परिवहन, ग्रामीणों ने सरोज पति सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप, जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पचपेड़ी/बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम भिलोनी में कथित अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नदी-नालों से ट्रैक्टरों के माध्यम से खुलेआम रेत निकाली जा रही है और उसका परिवहन कर बिक्री की जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सरोज पति सरपंच की कथित शह पर रेत का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। ट्रैक्टरों के जरिए दिन-रात रेत का परिवहन किया जा रहा है। इससे नदी-नालों के प्राकृतिक स्वरूप पर असर पड़ने के साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पुलिस, खनिज विभाग और पंचायत स्तर पर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की कथित अनदेखी के कारण अवैध खनन करने वालों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।

अवैध रेत खनन से नदी-नालों का स्वरूप प्रभावित होने, खेती-किसानी और पशुपालन पर प्रतिकूल असर पड़ने के साथ ग्रामीण सड़कों की स्थिति खराब होने की चिंता भी ग्रामीणों ने जताई है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर से ग्राम भिलोनी में चल रहे कथित अवैध रेत खनन की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि खनिज विभाग और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध रेत खनन पर कब तक रोक लग पाती है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

