एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह का शानदार आगाज़
• प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने प्रेरक सत्र में नवाचार और निरंतर प्रयास पर दिया जोर
• टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा है — सीएमडी श्री हरीश दुहन
• उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए गए 170 से अधिक पुरस्कार
बिलासपुर । साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार, 24 नवंबर को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में शानदार आगाज़ हुआ। पहले दिन का मुख्य आकर्षण प्रेरक वक्ता श्री आनंद मुंशी का सत्र रहा। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रेरक सत्र में श्री आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि दौड़ शुरू करना आसान है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है। उन्होंने कर्मियों से अपने रोज़मर्रा के काम में कुछ नया आज़माने और काम को बेहतर बनाने के तरीके तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपने काम में सुधार की पहल करते हैं और अपने विचारों को अमल में लाते हैं, तो उनका प्रयास पूरे संगठन को आगे बढ़ाता है।
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने कहा कि जिस प्रकार एक सैनिक सीमा पर राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाता है, उसी प्रकार देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देना हम सभी कोयला कर्मियों का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमें इसी भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की बिजली जरूरतों के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने में अपना योगदान देना है। टीम एसईसीएल पर पूर्ण विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि सभी कर्मी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा-थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें तो कंपनी अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकती है। उन्होंने पुरस्कृत अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन श्री रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना श्री नृपेन्द्र नाथ, पूर्व निदेशक (मानव संसाधन) श्री आर.एस. सिंह तथा पूर्व निदेशक (वित्त) श्री ए.आर. कोमावर और श्री जी. श्रीनिवासन उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण बोर्ड और सुरक्षा समिति के सदस्य, सिस्टा, ओबीसी एवं एससी-एसटी एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
पुरस्कार समारोह में विशेष अभियान 6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान प्रथम और बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान द्वितीय रही। सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खुली खदानों की श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान ने प्रथम, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान ने द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ प्रथम, भटगांव द्वितीय और बैकुंठपुर तृतीय रहा। सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदानों की श्रेणी में कुसमुण्डा और भूमिगत खदानों की श्रेणी में हल्दीबाड़ी को पुरस्कृत किया गया।
25 नवंबर को मुख्य समारोह, शाम को पलाश सेन और ‘यूफोरिया’ की प्रस्तुति
एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में आयोजित होगा। इसमें एसईसीएल के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक भाग लेंगे। शाम को वसंत विहार मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

