संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब को किया नमन, बिनैका में नवीन आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
चंद्रप्रकाश सूर्या बोले– संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का रक्षक, शिक्षा और समानता से ही होगा समतामूलक समाज का निर्माण
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत डंगनिया के आश्रित ग्राम बिनैका में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर बाबा साहेब के विचारों, सामाजिक न्याय और भारतीय संविधान के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि ग्राम बिनैका में नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन रहा। जनप्रतिनिधियों ने इसे ग्रामीण बच्चों के बेहतर भविष्य और गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का रक्षक : चंद्रप्रकाश सूर्या
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करने का सशक्त आधार है। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक एकता की मजबूत नींव है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों की जानकारी रखने के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से नागरिकों को मौलिक अधिकारों की सुरक्षा प्रदान की। संविधान के अनुच्छेद 12 से 35 तक मौलिक अधिकारों का प्रावधान किया गया है, वहीं अनुच्छेद 51(क) में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों का उल्लेख है। बाबा साहेब ने सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना संपूर्ण जीवन वंचित एवं शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज को समानता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
बाबा साहेब ने सभी वर्गों के अधिकारों के लिए किया ऐतिहासिक कार्य : रंजीत सिंह
मल्हार मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान में समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों और हितों का विशेष ध्यान रखा। सामान्य, पिछड़ा, महिला, बच्चे और बुजुर्ग सहित सभी नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रावधानों का निर्माण किया। उन्होंने पिछड़े वर्गों के हितों की रक्षा के लिए अनुच्छेद 340 के माध्यम से पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन का संवैधानिक रास्ता प्रशस्त करने में बाबा साहेब के योगदान को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए भी लगातार संघर्षरत रहे। हिंदू कोड बिल के मुद्दे पर महिलाओं को अधिकार दिलाने की मांग को लेकर उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा तक दे दिया था। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता और न्याय की स्थापना के लिए समर्पित रहा। संविधान गौरव दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों और संघर्ष को अपने जीवन में आत्मसात करने का दिन है।
शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम : ज्वाला बंजारे
जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया था। उनका प्रसिद्ध संदेश ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ आज भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ग्रामीणों से संविधान के महत्व को समझने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से ही समाज का चहुंमुखी विकास संभव है।
नवीन आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन, बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम के पश्चात ग्राम बिनैका में नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। मुख्य अतिथि चंद्रप्रकाश सूर्या ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से गांव के नौनिहालों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और बाल विकास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बच्चों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिलने से उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व को अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है। संविधान में निहित मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर मल्हार मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता भागबली घृतलहरे, मल्हार भाजपा मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे, जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे, सरपंच हर प्रसाद भारते, उपसरपंच गोपाल जांगड़े, लल्लू पुरैना, राकेश टंडन, योगेश मिरी, राकेश जांगड़े एवं मनालाल टंडन सहित ग्राम पंचायत के पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने तथा गांव के विकास में सहभागी बनने का संकल्प लिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

