ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन बनाने शहर के जागरूक नागरिकों का मिल रहा सहयोग
नए सेक्टर घोषित कर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाए गए
बिलासपुर । केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है।
इस दौरान योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से सड़क सुरक्षा को लेकर बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही जिले में यातायात नियमों के पालन, अनुशासन एवं जन-जागरूकता स्थापित करने के उद्देश्य से निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
नए सेक्टरों को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन घोषित
इसी क्रम में शहर में पूर्व निर्धारित सेक्टरों के अतिरिक्त नए सेक्टर घोषित करते हुए सत्यम चौक से मगरपारा चौक तक क्षेत्र को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्रवाई की गई। इस दौरान फुटपाथों पर अतिक्रमण कर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
बैनर, पोस्टर व होर्डिंग्स जब्त
यातायात पुलिस द्वारा अभियान के दौरान बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी एवं अन्य अवैध विज्ञापन बोर्डों को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई। साथ ही दुकानदारों एवं व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के सामने स्वयं के अथवा ग्राहकों के वाहनों को अनधिकृत रूप से खड़ा न करें।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा वाहन खड़ा कर, बैनर-पोस्टर या अन्य माध्यमों से सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध या संकीर्ण किया गया, तो उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वालों पर अन्य धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
इनकी रही विशेष भूमिका
आज के इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, यातायात अमले के पीलू मंडावी सहित नगर निगम के स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




