डिलिवरी बॉय से लूट करने वाले गिरोह पर सरकंडा पुलिस का शिकंजा

0
IMG-20260119-WA0804.jpg

मोबाइल और नकदी लूटकर दहशत फैलाने की थी साजिश

दो आरोपी व दो नाबालिग हिरासत में, लूटा गया सामान बरामद

बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में लूटपाट कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे आरोपियों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार करते हुए दो आरोपियों सहित दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल एवं नकद राशि बरामद कर ली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 जनवरी 2026 को प्रार्थी कुश कुमार खुसरो ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ब्लिंकिट कंपनी में डिलिवरी बॉय के रूप में कार्य करता है। दोपहर करीब 1.30 बजे अशोक विहार फेस-2 से डिलिवरी कर कंपनी के स्टोर लौटते समय चार युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर जेब में रखे 1000 रुपये एवं मोटोरोला मोबाइल लूट लिए और मौके से फरार हो गए। भागते समय एक युवक द्वारा अपने साथी को “आकाश” नाम से पुकारने की बात भी प्रार्थी ने बताई।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिव मंदिर, चिंगराजपारा के पास कुछ युवक बैठे हुए हैं, जिनमें एक का नाम आकाश है।

सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आकाश केंवट एवं दीपक पटेल ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर डिलिवरी बॉय से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

लूटा गया सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल एवं नकदी बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों तथा दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!