करगीकला में नई शाखा का गठन, हिंदू एकता के संकल्प के साथ बढ़ा संगठन।
रिपोर्टर ✒️ सूचित कुमार मरावी
करगीकला । क्षेत्र में हिंदू समाज की एकता और समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सतत सक्रिय सामाजिक संगठन वंदे मातरम मित्र मंडल की नई शाखा का औपचारिक गठन किया गया। संगठन पिछले साढ़े चार वर्षों से समाज में संपर्क, संवाद और संगठन के माध्यम से हिंदू एकता को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
संगठन की स्थापना बंगाल विधानसभा चुनावों के पश्चात घटित घटनाओं से आहत होकर एवं उनके सहयोगियों द्वारा की गई थी। आज संगठन की सदस्य संख्या लगभग 5000 तक पहुंच चुकी है। महेंद्र जैन के सतत प्रयासों से नगर में प्रत्येक रविवार तथा चार अन्य शाखाओं में प्रत्येक शनिवार नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। अब तक संगठन की 237 से अधिक बैठकें सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं।
संगठन द्वारा समय-समय पर देश के प्रबुद्ध और प्रखर वक्ताओं—विष्णु शंकर जैन, पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ, अश्वनी उपाध्याय एवं सुनील देवधर—को आमंत्रित कर उनके उद्बोधनों के माध्यम से जाति-पांति से ऊपर उठकर हिंदू एकता का संदेश दिया गया है।
इसी क्रम में महेंद्र जैन की प्रेरणा से संगठन के सक्रिय सदस्य प्रफुल्ल कुमार चौहान के प्रयासों से कोटा (करगी रोड) क्षेत्र में नई शाखा का गठन किया गया। कोटा शाखा की कार्यकारिणी में संयोजक विनोद गुप्ता को दायित्व सौंपा गया, जबकि सह संयोजक के रूप में रामनारायण तिवारी, विकास सिंह, गोपाल ध्रुव, अंजना चौकसे, चंद्रप्रकाश तिवारी, राम बिहारी जायसवाल, बसंत तिवारी, संतोष कुमार सक्सेना, ओमप्रकाश सोनी, रंगनादम मुदलियार, देवी साहू, घनश्याम दीक्षित, कमलजीत अजमानी, अनिल कौशिक एवं एम.एल. साहू सहित अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई। सभी से संगठन की परंपरा के अनुरूप नियमित बैठकें कर हिंदू एकता के लिए कार्य करने की अपेक्षा की गई।
मुख्य वक्ता महेंद्र जैन ने अपने उद्बोधन में संगठन के उद्देश्य, गठन और अब तक के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सतत संपर्क ही दूरियों को कम करने का सबसे सशक्त माध्यम है और बैठकें संपर्क का मजबूत आधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन न तो किसी धर्म का अपमान करता है और न ही विरोध, बल्कि जाति-पांति में बंटे हिंदुओं को एक मंच पर लाकर आपसी भेदभाव दूर करना ही इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है।
सद्भाव पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर.डी. गुप्ता ने कहा कि श्री हनुमान जी की आराधना से किया गया कोई भी कार्य पूर्णता और सफलता की ओर बढ़ता है। वंदे मातरम मित्र मंडल जिस निस्वार्थ भाव से हिंदू समाज को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है, उसमें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीपत चंद्रप्रकाश बाजपेई ने कहा कि देश का वातावरण तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव के साथ समाज की एकता को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है। वहीं मनजीत सिंह पवार और सौरभ दुबे ने भी हिंदू एकता विषय पर अपने विचार रखे।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। मंच का सफल संचालन प्रफुल्ल मिश्रा ने किया। संगठन गीत आर.एस. पांडे ने प्रस्तुत किया, शपथ नरेंद्र यादव ने दिलाई तथा कार्यक्रम के अंत में रामकृष्ण साहू द्वारा वंदे मातरम राष्ट्रगीत का भावपूर्ण गायन किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




