स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल को लेकर सरकार प्रतिबद्ध, केमिस्टों की नियुक्ति से मजबूत होगी जल परीक्षण व्यवस्था –
बिलासपुर । प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए केमिस्ट पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को स्थित परिसर में अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभाग के केमिस्ट पद पर चयनित 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक तथा प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थियों और विभागीय अधिकारियों के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनियुक्त केमिस्टों को संबोधित करते हुए कहा कि केमिस्टों की संख्या बढ़ने से प्रदेश की जल परीक्षण प्रयोगशालाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित और प्रभावी जांच संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल जलापूर्ति करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को शुद्ध, सुरक्षित और मानकों के अनुरूप पेयजल मिले।
श्री साव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल गुणवत्ता की निगरानी में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीक से लैस करते हुए परिणाममुखी बनाया जाएगा, ताकि जल परीक्षण की रिपोर्ट समय पर और पूर्ण विश्वसनीयता के साथ उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त केमिस्ट इस व्यवस्था की रीढ़ साबित होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया पर भी संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया से प्रदेश के युवाओं में शासन के प्रति विश्वास और आत्मविश्वास बढ़ा है। योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत और प्रतिभा का उचित प्रतिफल मिल रहा है। उन्होंने सभी नवनियुक्त केमिस्टों से अपेक्षा जताई कि वे अनुशासन, ईमानदारी और सेवा-भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने बताया कि विभाग में स्वीकृत केमिस्ट के कुल 12 पदों पर के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी। दस्तावेज परीक्षण के दौरान 11 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। चयनित अभ्यर्थियों में 2 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। वर्तमान चरण में 10 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त केमिस्टों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और शासन के प्रति आभार जताया। अधिकारियों का मानना है कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में जल गुणवत्ता परीक्षण प्रणाली और अधिक प्रभावी होगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। साथ ही यह कदम राज्य को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




